गोरखपुर।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शनिवार की रात से रविवार की सुबह नौ बजे तक इंसेफेलाइटिस पीड़ित तीन मासूमों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। गुरुवार से गहराए ऑक्सीजन संकट के बीच शनिवार शाम तक मौतों का आंकड़ा बढ़कर 62 पहुंच गया था।
शनिवार देर रात इंसेफेलाइटिस से पीड़ित सिद्धार्थनगर के खेसरहा क्षेत्र के गांव करही बगही निवासी साधना (10) पुत्री छोटेलाल की मौत हो गई। इसके कुछ ही देर बाद सिद्धार्थनगर के बांसी क्षेत्र के गुगली निवासी मंजीत (4) पुत्र जितेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। रविवार की सुबह देवरिया के गौरीबाजार निवासी सृष्टि (3.5) पुत्री नागेंद्र, पीडियाट्रिक वार्ड में भर्ती देवरिया के भटनी निवासी सुमित (4) पुत्र भिखारी और मोहम्मद जुबेर के नवजात बेटे की भी मौत हो गई। इसके अलावा एक अन्य मरीज की मौत की भी सूचना है।