गोरखपुर। मेडिकल कॉलेज दौरे पर आए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ लखनऊ लौटते समय एयरपोर्ट पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन के साथ आधे घंटे तक बंद कमरे में बात की। उसके बाद सभी एक साथ लखनऊ रवाना हो गए।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल रविवार को बस्ती में आयोजित सेवा सहयोगी संगठनों की बैठक में शामिल होने आए थे। मुख्यमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के गोरखपुर आने की जानकारी होने पर वह गोरखपुर पहुंच गए। वह मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। इस बीच उन्हें यह बताया गया कि सीएम की प्रेस कांफ्रेंस खत्म हो चुकी है और वह लखनऊ रवाना होने वाले हैं। इसके बाद बंसल सीधे एयरपोर्ट पहुंच गए। थोड़ी देर बाद मुख्यमंत्री, जेपी नड्डा और आशुतोष टंडन भी वहां पहुंचे। चारों नेताओं ने बंद कमरे में आधे घंटे के करीब बात की। बाहर आकर वहां मौजूद नेताओं का हाल पूछा और चारों एक ही फ्लाइट से लखनऊ रवाना हो गए।
बंसल बोले, चलेगा स्वच्छता अभियान
सुनील बंसल ने एयरपोर्ट पहुंचे भाजपा विधायक एवं संगठन के पदाधिकारियों से कहा कि 17 से 25 तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सभी कार्यकर्ता तैयारी में जुट जाएं। हर वार्ड और गांवों में सफाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी की तरफ से कार्यक्रम की रूपरेखा भेज दी जाएगी।