गोरखपुर।
शहर के कई मोहल्लों में फाल्ट और कटौती के चलते लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ीं। घर हो या बाजार बिजली ने लोगों को बेजार कर दिया। भीषण गर्मी के बीच बिना बिजली लोग तड़पते रहे। कहीं पूरी रात बत्ती गुल थी तो कहीं पर पूरे दिन।
शहर के जनप्रिय विहार फीडर पर सुबह 11 से शाम चार बजे तक बिजली कटौती की सूचना महकमे ने दी थी, लेकिन बिजली पौने पांच बजे आई। हिंदू युवा वाहिनी के महानगर संयोजक ऋषि मोहन वर्मा ने बताया कि बिजली आते ही जगेसर पासी चौक पर लगा चार सौ केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इसकी सूचना एसडीओ समेत उपकेंद्र को दी। इसके चलते जनप्रिय विहार, हुमायूंपुर उत्तरी, हुमा तिराहा और दिग्विजयनगर मोहल्लों की बत्ती गुल हो गई। दिन भर सांसत झेलने वाले लोगों को शाम को भी राहत नहीं मिली। कई घराें में पानी का संकट खड़ा हो गया। रात 10 बजे दूसरा ट्रांसफार्मर लगा लेकिन बिजली साढ़े दस बजे सुचारु हो पाई। पौने पांच बजे आए फॉल्ट के चलते जटेपुर उत्तरी, मनसा बाग और लोहियानगर मोहल्ले में एक फेस करंट ही पहुंच रहा था। इसके चलते लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी। रात साढ़े दस बजे बिजली विभाग की टीम ने ट्रांसफार्मर का फ्यूज दुरुस्त करके बिजली सुचारु की। राप्तीनगर उपकेंद्र के रामजानकी नगर फीडर के कौशलपुरम मुहल्ले में रात में जंफर कटने से सुबह 10 बजे तक बिजली गुल रही। रामजानकी नगर फीडर पर 11 से शाम चार बजे तक कटौती की सूचना थी, लेकिन बिजली पौने पांच बजे तक गुल रही। रविवार की रात सूरजकुंड उपकेंद्र का फीडर ट्रिप करने से कई घंटे तिवारीपुर, घोषीपुर, इलाहीबाग आदि इलाकों में लोगों को सांसत झेलनी पड़ी। ऐसा ही हाल महादेवपुरम, तारामंडल, बिछिया, मोहद्दीपुर और गोलघर में भी रहा। रात में बिजली की आंखमिचौली से लोगों की नींद पूरी न हो सकी।