खाने में मिला कीड़ा, हंगामा
एसआईसी ने दिए जांच के आदेश
मेडिकल कॉलेज में खाने की घटिया क्वालिटी की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में तीमारदार को घटिया क्वालिटी के खाने की आपूर्ति को लेकर हंगामा हुआ। एक तीमारदार के खाने में कीड़ा देखकर अन्य तीमारदार भड़क उठे। नाराज लोगों ने एसआईसी से शिकायत की। इसके बाद उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
कुपोषित बच्चों के तीमारदारों को खाना उपलब्ध कराने का जिम्मा निजी फर्म को दिया गया है। मरीजों को थाली में दाल, चावल, रोटी और पत्तागोभी की सब्जी मिलती है। कुशीनगर के विशुनपुरा निवासी दिव्या ने खाने की थाली में कीड़ा देखा। मरीज के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी शिकायत वार्ड में तैनात जूनियर डॉक्टर से की। जूनियर डॉक्टर के साथ परिवारीजन एसआईसी डॉ जीसी श्रीवास्तव के कार्यालय में पहुंचे। एसआईसी ने बातचीत कर मामले की जानकारी ली। एनआरसी में तीमारदारों को खाना देने का जिम्मा कॉलेज प्रशासन ने आठ दिन पहले ही जायसवाल ट्रेडर्स को सौंपा है। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने बकायदा टेंडर निकाला था। एसआईसी डॉ जीसी श्रीवास्तव ने बताया कि मामला गंभीर है। मरीजों के साथ ही तीमारदारों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। जांच के आदेश दिए गए हैं। जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, संचालक कुशल जायसवाल इसे साजिश बताया है। उनका कहना है कि कभी भी खाने की गुणवत्ता की जांच कराई जा सकती है।