गोरखपुर। तिवारीपुर के अंधियारीबाग गली में सोमवार की रात 8:30 बजे बदमाशों ने गोली मारकर डाकघर के संविदा कर्मचारी सनी चौरसिया (25) का भेजा उड़ा दिया। बदमाशों ने चाकू भी मारे। वहीं पीछे से पहुंचे चचेरे भाई प्रशांत को भी चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर हमलावर भाग गए। मृतक के पिता की तहरीर पर देर रात मोहल्ले के तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। मुख्य आरोपी बंटी सूद का कारोबार करता है। पुलिस को हत्या के पीछे लेनदेन का विवाद लगता है।
तिवारीपुर के रामदतपुर, सूरजकुंड निवासी सनी चौहान रेलवे परिसर में स्थित डाकघर में संविदा कर्मचारी थे। घरवालों के मुताबिक सोमवार की रात मोहल्ले का बंटी यादव, भरत अपने एक सहयोगी के साथ आया और सनी को बुला ले गए। जब सनी नहीं लौटा तो उसकी तलाश में चचेरा भाई प्रशांत भी गया। घर से कुछ कदम की दूरी पर ही अंधियारीबाग गली में शोर की आवाज सुनकर प्रशांत वहां पर पहुंच गया। इस दौरान बदमाशों ने सनी चौहान के सिर में गोली मार दी और चाकू से भी वार किए। प्रशांत ने भाई को बचाने की कोशिश की तो बदमाश उसकी भी गर्दन पर चाकू से हमला कर भाग गए।
प्रशांत के शोर मचाने पर आसपास के लोग और घरवाले भी पहुंच गए। सूचना पर एसपी सिटी विनय कुमार सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और दोनों भाइयों को अस्पताल भेजा। जहां सनी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रशांत का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।
युवक की हत्या घर से बुलाकर की गई है। प्रथम दृष्टया मामला रुपये के लेनदेन का सामने आया है।
डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, एसएसपी