गोरखपुर। शहर के उदर रोग विशेषज्ञ डॉ. एलबी गुप्ता की क्लीनिक और नर्सिंग होम का आयकर विभाग की ओर से रात भर सर्वे किया गया। बृहस्पतिवार दोपहर से शुरू सर्वे की कार्रवाई सुबह पांच बजे पूरी हो सकी। जांच में सहयोग न करने पर आयकर विभाग की टीम ने डॉ. गुप्ता की क्लीनिक और नर्सिंग होम के सारे रिकॉर्ड जब्त कर साथ ले गई। अब मूल्यांकन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आयकर की दो टीम ने बृहस्पतिवार से शहर के डॉ. जीएन लाल और डॉ. एलबी गुप्ता की क्लीनिक व अस्पताल का सर्वे किया था। डॉ. जीएन लाल के क्लीनिक और नर्सिंग होम का सर्वे बृहस्पतिवार को ही पूरा हो गया था। पता चला कि उन्होंने एडवांस चेक के रूप में 2.15 करोड़ का चेक जमा कर दिया था। वहीं आयकर अधिकारी रामअचल, अखिलेश रमन के साथ इंसपेक्टर हरीश श्रीवास्तव, गौरव अग्रहरि, शरदेंदु प्रजापति, रामशंकर पांडेय व अंकित मिश्रा की टीम ने डॉ. एलबी गुप्ता के नर्सिंग होम के सभी रिकार्ड, मरीजों की डिटेल, कंप्यूटर के रिकार्ड में दर्ज डिटेल तथा लेखा विभाग में मिले रिकार्डों का सुबह पांच बजे तक मिलान किया।
डॉ. गुप्ता ने एडवांस टैक्स के रूप में 25 लाख रुपये देने की बात कही, लेकिन आयकर विभाग के अनुसार यह रिकॉर्ड के अनुसार किए गए मूल्यांकन से काफी कम था। उसके बाद विभाग के अधिकारियों ने वहां से सारे रिकार्ड जब्त कर लिए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार रिकॉर्ड के आकलन के बाद टैक्स निर्धारण के अलावा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।