एल्युमिनाई मीट में मालवीयंस को सम्मानित किया गया
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर। एल्युमिनाई मीट के दूसरे दिन बुधवार को मालवीयंस ने सुबह क्रिकेट खेला तो दोपहर में कैंपस और हॉस्टल का भ्रमण किया। पुराने दिनों की यादें ताजा करने पत्नी, बच्चों के साथ हास्टल के उन कमरों में पहुुंचे जहां रहकर पढ़ाई की थी। फिर मिलने का वादा कर शाम को सभी को अलविदा कहा। लेकिन जाने के पहले कुलपति प्रो. एसएन सिंह से वादा किया कि अगले साल से कैंपस सलेक्शन के लिए अंतर्राष्ट्रीय कंपनियां विप्रो, आईबीएम, ड्विलाइट, मोबाइलिंक को बुलाएंगे।
एल्युमिनाई मीट में आए विप्रो के मो. एहतेशामुल हक, मोबाइलिंक के निदेशक अमित सक्सेना, अमेरिका की ड्विलाइट कंपनी के रामशरण सिंह आदि ने कॉलेज के विभिन्न विभागों में घूमकर विद्यार्थियों व शिक्षकों से बातचीत की। कहा कि वे अपनी कंपनियों में एमएमएमयूटी को भी सूचीबद्ध कराएंगे। अभी इनकी पहली प्राथमिकता आईआईटी और एनआईटी हैं। आईबीएम रिसर्च संस्थान के अतुल डोभाल ने कहा कि वह अपने यहां एमएमएमयूटी के शोधार्थियों को आमंत्रित करने का प्रयास करेंगे। पुरातन छात्रों ने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में व्याख्यान भी दिया। इस दौरान अशोक भाटिया, अमित सक्सेना, परिजात भटनागर, अरुण खंडूरी, करूणेश अग्रवाल, अतुल डोभाल, मनोज जैन, गिरिजा शंकर, राजेश जोशी, आलोक श्रीवास्त आदि मौजूद रहे।