मानदेय के लिए आशा वर्करों ने दिया धरना
मांग पूरा न होने पर आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। निश्चित मानदेय दिए जाने की मांग के समर्थन में सोमवार को आशा कार्यकत्री एसोसिएशन की जिला इकाई से जुड़े लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर मानदेय की व्यवस्था लागू किए जाने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष जमीरून निशा ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय के संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मानदेय की व्यवस्था लागू करने की मांग की थी। इसके लिए कैबिनेट मंत्री की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई थी। आश्वासन दिया गया था कि दिसंबर के पहले सप्ताह में मानदेय की व्यवस्था लागू की जा सकती है। इस आश्वासन पर आशा कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि उन्हें भी प्रति माह निश्चित रकम मिलने लगेगी लेकिन दिसंबर बीत गए और अब तक मानदेय की व्यवस्था लागू नहीं हो पाई। आशा कार्यकर्ताओं को अब भी प्रोत्साहन राशि ही दी जा रही है। इससे आशा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मानदेय की व्यवस्था अविलंब लागू नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इसके तहत 15 जनवरी के बाद धरना प्रदर्शन के साथ ही भूख हड़ताल भी किया जा सकता है। इस मौके पर हिना पासवान, श्रीनाथ धर दूबे, जयराम भारती, ज्ञांती, पूनम, रीता तिवारी, साधना मिश्रा, संध्या तिवारी, विमला, नीलम, सरस्वती, संगीता आदि मौजूद रहीं।