कौड़ीराम में किराए का कमरा लेकर रहने वाली दो छात्राओं से छेड़खानी का मामला सामने आया है। सोमवार की रात करीब एक बजे पड़ोस में रहने वाला एक युवक खिड़की के रास्ते छात्राओं के कमरे में दाखिल हो गया और फिर उनके साथ छेड़खानी करने लगा। छात्राओं की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बलुआ मंदिर के पास किराए के मकान में आजमगढ़ की दो छात्राएं रहती हैं। पड़ोस में देवरिया का एक युवक अपने परिवार के साथ रहता है। तीन दिन पूर्व युवक की पत्नी और बच्चे मायके चले गए थे। युवक रुक गया। आरोप है कि तभी से यह युवक रात में छात्राओं के कमरे के आसपास भटकता था और ईंट फेंकता था। छात्राएं डर कर कमरा बंद कर पड़ रही थी।
आरोप है कि सोमवार की रात खिड़की के रास्ते युवक छात्राओं के कमरे में दाखिल हो गया और अश्लील हरकत करने लगा। छात्राओं की नींद खुली तो वे शोच मचाने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोगों के जुटने के डर से आरोपी भागने लगा। छात्राओं की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को पकड़ ली। गगहा पुलिस का कहना है कि आरोपी हिरासत में है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।