संकीर्तन यात्रा में शामिल झांकियां।
- फोटो : Amar Ujala
हिंदू नववर्ष पर भारतीय संस्कृति रक्षा परिषद व पीठ परिषद ने रविवार को साहबगंज स्थित श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर से हरि संकीर्तन यात्रा निकाली गई। यात्रा में संकीर्तन टोली ने सुमधुर भजनों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यात्रा में सबसे आगे केसरिया पताका लिए लोग और पीछे सजी विभिन्न झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोलक, झांझ, मजीरा, घड़ियाल और शंखध्वनि यात्रा को दिव्यता दे रही थी। प्रभातफेरी परिवार आर्यनगर मदन मोहन मंदिर के बच्चों की झांकियां देखकर हर कोई सराहना करता दिखा।
संकीर्तन यात्रा सुबह छह बजे शुरू हुई। अध्यक्ष पुष्पदंत जैन, हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश महामंत्री पीके मल्ल व मंत्री विकास जालान की अगुवाई में यात्रा श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से निकली। खूनीपुर, चौरहिया गोला, बक्शीपुर, नखास, रेती चौक, गीताप्रेस, लालडिग्गी, मिज़ार्पुर होते हुए पुन: मंदिर पहुंच कर यात्रा का समापन हुआ। मनमोहक संकीर्तन के बीच भोजपुरी भजन गायक राकेश श्रीवास्तव ने ‘नव संवत्सर की पावन बेला आई है’ की प्रस्तुति से लोगों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद महाआरती हुई। फिर यात्रा में शामिल सभी प्रभातफेरी प्रमुख और झांकी में भाग लेने वाले बच्चों को स्मृति चिह्न व उपहार भेंट किया गया।
इस मौके पर पुष्पदंत जैन ने कहा कि ब्रह्माजी ने आज के दिन ही सृष्टि की रचना की थी। इसलिए हम वर्ष प्रतिपदा के रूप में हिंदू नववर्ष और नवरात्रि का महापर्व संकीर्तन के बीच आज मना रहे हैं। उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल शशि, ओम जालान, श्याम मनोहर अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, राजू अग्रवाल, दीपजी अग्रवाल, मनीष मोदी, राधेश्याम अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, संजय सुरेका, भगवती जालान, राम अवतार जालान, प्रवीण श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।