सड़क हादसे में युवक की मौत
मुंडेरवा। रिश्तेदारी में आए युवक की बोलरो की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना मुंडेरवा-बनकटी मार्ग पर सोमवार दोपहर को हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के नगरा बौढ़िहार निवासी राजकुमार (25) उर्फ सुनरका बढ़या निवासी मौसा बिपत के लड़के की शादी में शामिल होने आया था। सोमवार को बारात वापस परसिया से बढ़या पहुंची। कोई सामान लाने के लिए राजकुमार बाइक से मुंडेरवा बाजार के लिए निकला था। अभी उसने बढ़या गांव से महज 200 मीटर की दूरी तय की थी कि मुंडेरवा-बनकटी मार्ग पर मुंडेरवा की तरफ बनकटी जा रही बोलरो ने बाइक में ठोकर मार दी। गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिरे राजकुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और परिवार के लोग पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया। मुंडेरवा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।