गोरखपुर।
खोराबार के डुमरी गांव के तालाब में किशोरी की लाश मिलने के मामले में पोस्टमार्टम से रोकने वालों पर केस दर्ज होगा। एसएसपी के हस्तक्षेप पर किशोरी के घरवालों पर हत्या और साक्ष्य नष्ट करने का केस दर्ज है। पुलिस की विवेचना में पिता की कथित कहानी के गवाह बने लोगों को भी आरोपी बनाना जाएगा।
डुमरी गांव निवासी नीलम (15) पुत्री रमाशंकर 19 सितंबर को लापता हो गई थी। 20 सितंबर को उसकी लाश पास के ही तालाब में मिली थी। तब घरवालों ने पुलिस को मैनेज कर मामले को रफा-दफा कर दिया था। कुछ ग्रामीणों को गवाह बनाकर शौच को गई किशोरी की डूबने से मौत की बात न सिर्फ साबित कर दी थी बल्कि इसी आधार पर शव का पोस्टमार्टम नहीं होने दिया और अंत्येष्टि भी कर दी। मामला एसएसपी के संज्ञान में आया था तो 21 सितंबर को खोराबार पुलिस ने इंस्पेक्टर की तहरीर पर घरवालों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। अब पुलिस घरवालों के कथित कहानी में मददगार बने लोगों पर भी कार्रवाई के मूड में है। एसएसपी का कहना है कि अपराध छिपाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। गवाह बने लोगों पर साजिश कर साक्ष्य छिपाने की धारा में कार्रवाई होगी।