गोरखपुर। दूरसंचार आयोग की अध्यक्ष अरुणा सुंदरराजन ने डिजिटल इंडिया योजना के तहत ऑप्टिकल फाइबर केबिल बिछाने की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक दूरसंचार जीपी त्रिपाठी ने गोरखपुर और महराजगंज में हुए कामों का ब्योरा प्रस्तुत किया। बताया नौ ब्लॉकों के 604 गांवों में काम चल रहा है। जल्द ही यह पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां के लोगों को हाईस्पीड इंटरनेट सेवा मिलने लगेगी।
इसके बाद आयोग की अध्यक्ष अरुणा सुंदरराजन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि इस माह यूपी के 22 हजार गांवों को डिजिटल इंडिया के अंतर्गत हाईस्पीड इंटरनेट की सुविधा दे दी जाएगी। इससे युवकों को रोजगार के नए संसाधन ग्रामीण स्तर पर ही उपलब्ध होंगे। ई-गर्वर्नेंस के तहत आधारभूत सुविधाएं आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, खसरा-खतौनी, डिजिटल एफआईआर, पासपोर्ट, कोर्ट की प्रतिलिपि आदि सेवाएं ग्राम पंचायत स्तर से ही उपलब्ध हो जाएंगी। समीक्षा बैठक में संयुक्त प्रबंधक बलबीर सिंह, एस. उपाध्याय, आरएन यादव, संजीव श्रीवास्तव मौजूद रहे।