संतकबीरनगर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के आह्वान पर आगामी 30 जून को जीएसटी की खामियों के विरोध में व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के आह्वान पर होने वाले इस आंदोलन की सफल बनाने के लिए व्यापारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल अध्यक्ष सर्वदानंद पांडेय ने कहा कि सरकार एक जुलाई से जीएसटी लागू करने जा रही है, लेकिन सरकार ने जीएसटी की खामियों को दूर करने की कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में विरोध का रास्ता चुना गया है। जिलाध्यक्ष विनोद गुप्ता ने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर के वर्तमान स्वरूप में बहुत सी खामियां है। छोटे व्यापारियों को इससे तमाम तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में व्यापारी एकजुट होकर 30 जून को दुकानें बंद रखेंगे और प्रदर्शन कर सरकार के कदम का विरोध करेंगे। व्यापारी नेता रामजी गुप्ता ने कहा कि जीएसटी व्यापारियों को अभी तक समझ में नही आया है। ऐसे में विरोध के बाद डीएम को ज्ञापन दिया जाए। बैठक में विजय कुमार, तीरथ राज, महेश गुप्ता, सतीश गुप्ता, राजेश वर्मा, रमेश वर्मा, आनंद वर्मा, संतोष यादव, बैजनाथ जायसवाल, मूलचंद्र मौर्या, आत्माराम, रंगीलाल, विनोद कुमार, कैलाशपति, संतोष, हीरालाल, अयोध्या प्रसाद आदि उपस्थित रहे।