शादी के कार्ड में स्वच्छ भारत अभियान की अपील
- पांच हजार कार्डों पर छपवा चुके हैं स्वच्छ भारत मिशन का लोगो व स्लोगन
- महुली निवासी विकास गुप्ता की अनूठी पहल, पांच सौ व दो हजार रुपये से मिली प्रेरणा
दीन दयाल शुक्ल
हरिहरपुर (संतकबीरनगर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रभावित होकर लोग तरह-तरह से इसमें अपना योगदान करते दिखाई दे रहे हैं। देश में सफाई को बढ़ावा देने के इस अभियान को लेकर एक अनूठी पहल एक प्रिंटिंग प्रेस संचालक ने की है। महुली निवासी और प्रिंटिंग प्रेस संचालक विकास गुप्ता अपने यहां छपने वाले शादी और अन्य कार्यक्रमों के कार्डों के जरिये लोगों को अपने आसपास सफाई रखने और क्षेत्र को खुले में शौच से मुक्त रखने का संदेश दे रहे हैं। इसके लिए वह कार्डों पर स्वच्छ भारत मिशन का लोगो छाप रहे हैं, ताकि लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक हों।
22 वर्षीय विकास कस्बे के एक छोटे से कमरे में प्रिंटिंग प्रेस चलाते हैं। स्नातक तक शिक्षा ग्रहण करने के बाद उन्होंने कंप्यूटर कोर्स किया और प्रिंटिंग प्रेस के काम से जुड़ गए। वे शुरू से ही देश के लिए कुछ सार्थक करने के इच्छुक थे। इसके अलावा वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रभावित भी हैं। इसके चलते उनके मन में अपने यहां छपने वाले कार्डों पर इस अभियान का लोगो और संदेश छापने का विचार आया। दो हजार और पांच सौ रुपये के नोट पर छपे स्वच्छ भारत मिशन के लोगो और स्लोगन ‘स्वच्छ भारत, एक कदम स्वच्छता की ओर’ से उन्हें यह प्रेरणा मिली। लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वे जो लोग उनके यहां शादी, उद्घाटन, पूजा-पाठ आदि के कार्ड छपवाने आते हैं उनसे स्वच्छ भारत मिशन के लोगो व स्लोगन छपवाने का अनुरोध करते हैं। अनुरोध स्वीकार करने वाले ग्राहकों की सहमति से वह इसे कार्डों पर मुद्रित करते हैं। इस वर्ष वह लगभग पांच हजार निमंत्रण कार्डों पर स्लोगन व लोगो छाप चुके हैं। विकास चाहते हैं कि स्वच्छ भारत मिशन में लोग खुद सहयोग करने के साथ ही दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करें।