कुशीनगर। क्षेत्र के सरगटिया करनपट्टी गांव की एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने अपने खाते से 8040 रुपये निकाल लिए जाने की शिकायत पीएनबी के शाखा प्रबंधक से की है। महिला का कहना है कि खाते से रकम निकले, लेकिन उसे नहीं मिला।
सरगटिया करनपट्टी गांव निवासी सुनीता पटेल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की दुदही शाखा में उनका खाता है। इन दिनों वह अस्वस्थ हैं। उनके खाते में 10715 रुपये थे। उनका कहना है कि पांच जून को पकड़ियार पूरबपट्टी स्थित ग्राहक सेवा केंद्र से रुपये निकालने पहुंचीं। जहां संचालक ने उनका आधार नंबर और फिंगर प्रिंट ले लिया। उसके कुछ देर बाद उसने बताया कि उनके खाते में रुपये ही नहीं हैं, जिस पर वह परेशान हो गईं। उन्होंने पीएनबी के टोल फ्री नंबर पर बात की तो कस्टमर केयर में मौजूद व्यक्ति ने बताया कि सुनीता के खाते के रुपये कुछ देर पहले ग्राहक सेवा केंद्र से निकाल लिए गए हैं। फिर उन्होंने ग्राहक सेवा केंद्र के मालिक से बात की, जिस पर वह एक माह बाद खाते में रुपये आने की बात कर रहा है। सुनीता का कहना है कि रुपये के अभाव में वह अपना इलाज नहीं करा पा रही हैं। इस संबंध में ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक योगेंद्र तिवारी का कहना है ट्रांजेक्शन फेल हो गया था। जो उनके सिस्टम में फेल बता रहा है। उच्चाधिकारियों को सूचना मेल की गई है। जल्द ही महिला के खाते में रकम आ जाएगी।