गोरखपुर। लोकसभा चुनाव के पहले रेलवे ने युवाओं को बड़ी सौगात दी है। ग्रुप सी के 35277 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगा गया है। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे के 1249 पद शामिल हैं। इसके लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थियों को 31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। सर्वाधिक पद स्टेशन मास्टर, गुड्स गार्ड एवं लिपिक के हैं।
रेलवे भर्ती बोर्ड गोरखपुर की ओर से अभी छह हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए कई चरण में विज्ञापन जारी होंगे। इन पदों पर भर्तियां लखनऊ, इज्जतनगर और वाराणसी मंडल समेत आरडीएसओ के लिए होंगी। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव ने फरवरी में गोरखपुर दौरे पर 1.03 लाख पदों पर भर्ती का एलान किया था। सभी पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं ऑनलाइन होंगी। रेल मंत्रालय के निर्देश के अनुसार पांच महीने में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कुछ माह पहले ही ग्रुप सी व डी के करीब 4000 पदों पर ऑनलाइन परीक्षाएं कराई गई थीं। नई नियुक्तियां होने से ट्रेनों के आवागमन में सहूलियत होगी वहीं कर्मचारियों को अतिरिक्त कार्य का बोझ नहीं पड़ेगा।