गोरखपुर। बेलीपार के महाबीर छपरा स्थित महिप नारायण शाही इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने मंगलवार की सुबह बेलीपार थाने का घेराव कर गोरखपुर-वाराणसी हाईवे को जाम कर दिया। वे कॉलेज के प्रबंधक और उनके साथियों पर प्रधानाचार्य के साथ मारपीट का आरोप लगा कार्रवाई की मांग कर रहे थे। छात्रों को समझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका। पुलिस ने प्रधानाचार्य काशीनाथ की तहरीर पर प्रबंधक शिवप्रकाश शाही, गौतम, और शिक्षक जितेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। कॉलेज के बाबू प्रभुनाथ ने प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य काशी नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार सुबह डीआईओएस निरीक्षण पर आए थे। उन्होंने छात्रों से फीस के बारे में जानकारी ली। ये बात कॉलेज के कुछ शिक्षकों को नागवार लगी। आरोप लगाया कि इसके बाद शिक्षक जितेंद्र सिंह ने पहले मुझे धमकाया फिर मेरे कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए। जब बच्चों ने उनसे वास्तविक फीस की जानकारी मांगी तो उन्होंने प्रबंधक को सूचना दी। प्रबंधक शिव प्रकाश शाही उर्फ बब्लू शाही व गौतम यादव ने स्कूल पहुंचकर उनकी पिटाई की। छात्रों के विरोध पर गौतम ने पिस्टल तान दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया, मंगलवार सुबह मैं इंटर कॉलेज में जांच के लिये गया था। घटना की जानकारी मिली है। मैं तुरंत बेलीपार थाने पहुंचा। अगर प्रधानाचार्य के खिलाफ मारपीट हुई है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।