फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डॉक्टर की पत्नी ने की खुदकुशी

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
गोरखपुर।
शाहपुर क्षेत्र के पूर्वी बशारतपुर शक्ति नगर कालोनी में डॉ. सुभाष प्रजापति की पत्नी शोभा प्रजापति (35 साल) ने बेटी एंजल (12 साल) के साथ फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि शोभा ने अपने सभी तीन बच्चों को भी फांसी देकर मारने का प्लान बनाया था। प्लान के मुताबिक एक ही कमरे में उसने अलग अलग फंदे तैयार किए थे। छोटे बेटे के भाग जाने के बाद उसने दो बेटियों को फांसी पर लटकाया और खुद भी फांसी लगा ली। बड़ी बेटी और उसकी मौत हो गई जबकि छोटी बेटी को समय रहते फंदे से उतारकर उसकी जान बचा ली गई। इस घटना से पूरी कालोनी सदमे में है। मृतक की बहन ने आरोप लगाया है कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर शोभा ने बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली।
डॉ. सुभाष प्रजापति भटहट में डेंटल क्लीनिक चलाते हैं। गुरुवार को सुबह नौ बजे डॉ सुभाष क्लीनिक पर चले गए। घर में पत्नी शोभा, बड़ी बेटी एंजल, छोटी बेटी अराध्या और बेटा अथक के अलावा डॉक्टर के माता-पिता भी मौजूद थे। दोपहर बाद शोभा बड़ी बेटी और बेटे को स्कूल से लेकर घर पहुंचीं, फिर खुदकुशी की कोशिश में लग गई। शोभा ने बेड रूम में ही तीन अलग-अलग फांसी के फंदे तैयार किए थे। यह देख बेटा भाग निकला और छत पर जा छिपा। कालोनी वालों के मुताबिक शोभा ने बेटे को आवाज देकर बुलाया और खोजने की कोशिश भी की थी लेकिन वह मिला नहीं। घटनास्थल के देखने से ऐसा लग रहा था कि शोभा ने पहले बड़ी बेटी एंजल को फंदे से लटकाकर मार डाला, फिर छोटी बेटी अराध्या को फंदे से बांधा और खुद फांसी लगाकर जान दे दी। लेकिन छोटी बेटी का पैर बेड तक जा पहुंचा। संयोग से शाहपुर पुलिस भी जल्दी मौके पर पहुंच गई। इस कारण अराध्या की जान बच गई। आनन-फानन में शोभा और एंजल को फंदे से उतारा गया लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी।
विज्ञापन

शोभा महराजगंज के राजीव नगर की रहने वाली थीं। डॉ. सुभाष से उसकी 2004 में शादी हुई थी। इस घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका की बहन गंगा और मां सहित पूरा परिवार गोरखपुर पहुंचा। चीख-पुकार मच गई। शाहपुर थानाध्यक्ष घनश्याम तिवारी ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर शुरुआती जांच पड़ताल की। फोरेंसिक एक्सपर्ट भी पहुंचे और सैंपलिंग करके ले गए। डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का मुआयना किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल मामला आत्महत्या का लग रहा है।
मरने से पहले बहन को किया था फोन
आत्महत्या करने से पहले शोभा ने महराजगंज में अपनी बहन गंगा प्रजापति को फोन किया था। गंगा जिला एवं सत्र न्यायालय कोर्ट में अधिवक्ता है। गंगा ने आरोप लगाया है कि पति डॉ. सुभाष की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बहन ने खुदकुशी की है। उसने फोन पर बातचीत में इसका जिक्र किया था। बहन ने कहा कि अब बहुत हो चुका। बच्चों के साथ मरने जा रही हूं। यही कहकर बहन ने फोन काट दिया।

महराजगंज पुलिस से मिली सूचना
गंगा ने बताया कि फोन सुनने के बाद मामले की गंभीरता को समझते हुए उसने तत्काल महराजगंज पुलिस कंट्रोल रूम क ो इसकी सूचना दी। महराजगंज से गोरखपुर पुलिस को सूचना दी गई। शाहपुर थाने के सिपाही संतोष कुमार पांडेय और संतोष तत्काल डॉ सुभाष के घर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो तीन लोग फंदे से लटक रहे थे, लेकिन छोटी बच्ची अराध्या का पैर बेड पर था और वह उसी के सहारे खड़ी थी। सिपाहियों ने ही अराध्या को फंदे से मुक्त कराया।
विज्ञापन


मौत के बाद हुई हाथापाई
शोभा और एंजल की मौत के बाद कालोनी में हंगामा भी हुआ। डॉ. सुभाष के पिता जवाहर प्रसाद बड़े पोते अथक को गोद में लेकर घूम रहे थे, तभी शोभा की बहन गंगा आ पहुंचीं। इसके बाद जवाहर प्रसाद और गंगा के बीच कहासुनी होने लगी। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। यह देख आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। गंगा ने बड़ी बहन को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें