महराजगंज। वित्त विहीन प्रबंधक संघ का धरना 11वें दिन भी जारी रहा। रविवार को धरने को संबोधित करते हुए जिला संरक्षक जितेंद्र कुमार आर्य ने कहा कि प्रबंधक विद्यालय चलाकर पुनीत कार्य कर रहे हैं। जिसे विभाग ने नोटिस देकर बंद करने का इरादा बना लिया है। जबकि शासन को विद्यालयों के संचालन में सभी प्रबंधकों का सहयोग करना चाहिए। लेकिन धरने के 11 दिन हो चुके हैं और आज तक प्रशासन प्रबंधकों ने सुध नहीं ली।
जिला अध्यक्ष रामराज चौरसिया ने कहा कि अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो हम विधान सभा का घेराव करेंगे। जब तक हमारी मांगों को शासन पूरा नहीं करेगा यह धरना चलता रहेगा। प्रबंधक नायब प्रसाद ने कहा कि योगी सरकार में नव युवकों को रोजगार देने के बजाए नवयुवकों का रोजगार छीनने का कार्य कर रही है। बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों में गरीब के बच्चों को शिक्षा दी जाती है। जिला उपाध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि हमारे विद्यालय सरकार को अच्छी नहीं लग रहे हैं। जबकि इन विद्यालयों से शिक्षा लेकर तमाम लोगों ने अच्छा मुकाम हासिल किया है। इस अवसर पर कमलेश शर्मा, तारकेश्वर, प्रदेशी प्रजापति, पंकज चौबे, अनिल गुप्ता, शैलेश शर्मा, लापति वर्मा के अलावा तमाम शिक्षक मौजूद रहे।