गोरखपुर। पुलिस एथलेटिक्स प्रतियोगिता में ऊंची कूंद में जोन में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए विनोद कुमार यादव ने मर्सी ग्राउंड पर ट्रांसफर लेने के लिए गुरुवार को सीएम के दरबार में गुहार लगाई। पत्नी और बेटे के साथ पहुंचे विनोद ने सीएम से कहा, अब तक उनकी फरियाद किसी ने न सुनी। आप ही न्याय कीजिए। सीएम ने विनोद की गुहार सुनने के बाद उसे न्याय का भरोसा दिलाया।
विनोद कुमार यादव मूलत: मऊ जनपद के घोषी क्षेत्र के भटमीला गांव का निवासी है। वह 1997 में पुलिस में भर्ती हुआ था। वह बस्ती एथलेटिक टीम का हाई जंपर था। विनोद ने 1999 में जोन की ऊंची कूद प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार जीता था। इसी प्रतियोगिता के दौरान उसे आंख में चोट लग गई। उसने अपनी आंखों का इलाज चेन्नई तक कराया, मगर कोई फायदा नहीं हुआ बल्कि धीरे-धीरे आंख की रोशनी चली गई। बस्ती में तैनात विनोद वहीं व्यायामशाला की देखरेख करता है। बकौल विनोद, इसके पहले उसने कई बार मर्सी ग्राउंड पर ट्रांसफर के लिए अपील की, लेकिन उसकी किसी ने न सुनी। अब न्याय के लिए वह पत्नी पूनम यादव और बेटा देवाशीष के साथ महराज के पास आया है। सीएम ने विनोद को न्याय का भरोसा दिया।