नाना के निधन के बाद रोती बच्ची ।
- फोटो : shivharsh
रेलवे बस स्टेशन पर रविवार की शाम दिल का दौरा पड़ने से एक अधेड़ की मौत हो गई। वह तीन साल की नातिन को लेकर बेटी के यहां से घर लौट रहे थे। जेब में मिले मोबाइल से पहचान कर पुलिस ने सूचना परिवार के लोगों को दी।
रविवार शाम करीब चार बजे 50 वर्षीय व्यक्ति तीन साल की बच्ची के साथ रेलवे बस स्टेशन पर पहुंचे। खलीलाबाद जाने के लिए वह बस की तलाश में थे। मगर दिल का दौरा पड़ने से अचानक वह गश खाकर गिर पड़े। बच्ची ने उन्हें उठाने का प्रयास किया लेकिन शरीर में कोई हरकत न होने पर रोने लगी। बच्ची को रोता देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेब में मिले मोबाइल से बातचीत करने पर अधेड़ की पहचान खलीलाबाद कोतवाली के बंजरिया निवासी गुलाम रसूल के रूप में हुई।
परिवार के लोगों ने फोन पर पुलिस को बताया कि वह भटहट में रहने वाली बेटी के यहां ईदी लेकर गए थे। शाम पांच बजे पहुंचे घर वाले बिना पोस्टमार्टम कराए ही कानूनी औपचारिकता पूरी कर शव लेकर चले गए। एसएसआई कैंट एसएन सिंह ने बताया कि घर वालों का कहना था कि वह काफी समय से बीमार थे, जिसकी दवा चल रही थी।