डीवीएन पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज प्रशासन ने पहली बार शैक्षिक उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। शैक्षिक, सांस्कृतिक, सामाजिक क्षेत्र में बेहतर काम करने वालों के अलावा खेल और रिपब्लिक डे परेड में शामिल होने वाले कैडेट और स्वयंसेवियों को पुरस्कार दिया गया।
रविवार को कॉलेज में आयोजित पुरस्कार और सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि शिक्षालयों का उद्देश्य ज्ञानवान के साथ ही चरित्रवान युवक तैयार करना आज के समय की जरूरत है। शिक्षक और विद्यार्थी दोनों को मिलकर इसके लिए साधना करनी होगी। रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए कहा कि देश की भावी पीढ़ी को गुरु शिष्य की इस परंपरा से शिक्षा लेनी चाहिए।
अध्यक्षता करते हुए पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. उदय प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय समाज की वास्तविक ताकत यहां के संयुक्त परिवार की व्यवस्था में दिखती है। डॉ. मायाशंकर ने कहा कि ध्येय की प्रति एकाग्रता से बड़ा से बड़ा लक्ष्य आसान हो जाता है। कार्यक्रम में डॉ. संजय कुमार तिवारी, डॉ. आरपी यादव, डॉ. प्रवीण सिंह, डॉ. वेंकट रमन पांडेय, डॉ. अमरनाथ तिवारी, डॉ. राजशरण शाही, डॉ. विनोद सिंह, डॉ. प्रदीप राव, डॉ. अर्चना सिंह समेत अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद थीं। संचालन डॉ. श्रीभगवान सिंह, धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने किया।