गोरखपुर। मधुमिता हत्याकांड में सजायाफ्ता पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी मधुमणि त्रिपाठी को बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर दिया। शाम पांच बजे के करीब मेडिसिन विभाग के डॉ. महीम मित्तल ने जांच के बाद डिस्चार्ज किया। देर रात उन्हें जिला जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। 22 फरवरी को दिल्ली स्थित एम्स से इलाज के बाद वह मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे।
13 दिसंबर 2018 से ही पूर्व मंत्री अमरमणि पत्नी के साथ मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। उनका इलाज न्यूरो सर्जरी विभाग के डॉ. राकेश सक्सेना के देखरेख में चल रहा था। उनके पैर की नसों में दिक्कत बताई गई थी। एक सप्ताह बाद मधुमणि त्रिपाठी को भी मानसिक रोग विभाग में डॉ. तपस कुमार की देखरेख में भर्ती किया गया था। 16 फरवरी को पूर्व मंत्री को पत्नी समेत दिल्ली के एम्स में इलाज के लिए भेजा गया था। इसी दौरान दिल्ली में ही उनकी बेटी की सगाई व तिलक का कार्यक्रम भी था। इसलिए उनका दिल्ली रेफर किया जाना कई दिनों तक चर्चा में रहा। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. रामधनी ने बताया कि पूर्व मंत्री और उनकी पत्नी को जेल में शिफ्ट करने की सूचना शाम में आई थी। देर रात उन्हें जेल में शिफ्ट कर लिया गया है।