फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर-घर से गूंजा हर-हर महादेव

Tue, 05 Mar 2019 01:30 AM IST
ajay Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
शहर के हर शिवालय में दिनभर हर-हर महादेव गूंजता रहा। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
गोरखपुर। शहर के हर शिवालय में दिनभर हर-हर महादेव गूंजता रहा। लोगों ने घरों और शिव मंदिरों में भगवान का जलाभिषेक किया। कई जगहों पर भंडारे एवं विशेष अनुष्ठान के साथ महाशिवरात्रि मनाई गई।
विज्ञापन

सोमवार सुबह शिवालयों के कपाट खुले तो पहले से कतार में खड़े श्रद्धालुओं ने शिव को बेलपत्र, धतूरा, गन्ना, भांग, अक्षत आदि अर्पित कर उनका जलाभिषेक किया। शिवालयों में पूरे दिन घंटे-घड़ियाल, ढोल-ताशे और भजनों की ध्वनि गूंजती रही। श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसके लिए कई मंदिरों में बैरिकेडिंग की गई थी। कई जगहों पर लगे मेले का लोगों ने लुत्फ उठाया। बच्चों ने खिलौने, गुब्बारे आदि खरीदने के साथ ही चाट-गोलगप्पे का आनंद उठाया। भीड़ के बीच कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात की गई थी।

जुटा हुजूम, रौनक देखते बनी

गोरखनाथ मंदिर स्थित शिव मंदिर, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, महादेव झारखंडी, मानसरोवर मंदिर, सम्मय माता मंदिर, बगहा बाबा मंदिर, तारामंडल के एलआईसी ऑफिस के पास स्थित शिव मंदिर, शिव मंदिर छोटे काजीपुर, शिव मंदिर धर्मशाला, शिव मंदिर घोष कंपनी, पुराना डाकघर के निकट स्थित शिव मंदिर, सती माता मंदिर, शिव मंदिर सूरजकुंड धाम, शिव मंदिर जटाशंकर, गोपाल मंदिर मोहद्दीपुर, मुंजेश्वर नाथ मंदिर, शिव मंदिर भरवलिया, हनुमान मंदिर बेतियाहाता स्थित शिव मंदिर, शिव मंदिर शिवपुरी कॉलोनी और शिव मंदिर बड़े काजीपुर में शिव भक्तों का हुजूम जुटा। सुबह इन मंदिरों की रौनक देखते ही बनी।

शिव बरात रही आकर्षण का केंद्र

श्री श्री सिद्धपीठ शीतला माता मंदिर से शिव बरात निकली। मदरसा चौक, साहबगंज, चौरसिया गोला, बक्शीपुर चौक, रेती चौक से घंटाघर होते हुए बरात वापस मंदिर पहुंची। इसमें शामिल विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बरात के मंदिर के पास पहुंचने पर विधिविधान से शिव-पार्वती का विवाह कराया गया। पुराना डाकघर के निकट स्थित शिव मंदिर में भी शिव विवाह का आयोजन हुआ। शाम को भजन संध्या में भक्त झूमे। श्रीराम जानकी मंदिर समिति की ओर से सुमेर सागर स्थित श्रीराम जानकी मंदिर के शिवालय पर भी भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजन गायक अमर चंद और पार्टी की ओर से मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी गई। अध्यक्ष रीता अग्रवाल, कृष्णा देवी, रेखा, नूतन, मीना, निशा, संतोष रूंगटा, शशिबाला खेमका, सुरेश चंद गोयल, अनिल गोयल आदि मौजूद रहे।

भंडारे में भक्तों ने लिया प्रसाद

देवरिया बाईपास रोड तारामंडल स्थित शिव मंदिर पर भी महंत प्रताप दास की अगुवाई में विशेष पूजा के बाद मंटू चंद, संदीप आदि युवाओं की ओर से भंडारा आयोजित हुआ। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अघोरपीठ में महाशिवरात्रि पर पूजन-अर्चन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। अवधूत छबीलेराम ने मिट्टी से शिवलिंग बनाकर पूजन-अर्चन किया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष डॉ. रूप कुमार बनर्जी भी मौजूद रहे। श्री श्री शिव मंदिर पूजा समिति गणेश चौक की ओर से मंदिर पर विभिन्न अनुष्ठानों के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। अध्यक्ष महेश शर्मा, रोहित शर्मा, किरन शर्मा, गणेश वर्मा आदि ने भक्तों में प्रसाद बांटा। पुराने डाकघर के निकट स्थित शिव मंदिर पर भी भंडारा भी हुआ। आर्यनगर व्यापार मंडल की ओर से अध्यक्ष अनुराग गुप्ता एवं कवलजीत ने सब्जीमंडी स्थित शिव मंदिर के स्वयंभू शिवलिंग की पूजा अर्चना के बाद सीएम से मुलाकात कर इसके सौंदर्यीकरण की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें