संत कुमार की हत्या के बाद घर की जांच करती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। बेलीपार इलाके के भरवल गांव में बुधवार सुबह दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने संत कुमार निषाद (46) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। ताबड़तोड़ फायरिंग कर बदमाशों ने गांव में दहशत फैला दी और असलहा लहराते हुए फरार हो गए। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
भरवल निवासी संत कुमार निषाद मुंबई में रहकर पेंट-पालिश कराने का ठेका लेते थे। 25 दिन पहले पिता शारदा की मौत पर परिवार के साथ गांव लौटे थे। बताया जाता है कि संत कुमार और आरोपी दिनेश के बीच लंबे समय से गांव में वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। प्रधानी के चुनाव के दौरान यह और गहरा गया था। 26 जनवरी को गांव में ही हुए एक आयोजन में संत और दिनेश के बीच विवाद हो गया। दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी थी। बुधवार की सुबह 8:30 बजे संत कुमार गांव में ही सुधीर शाही के घर जा रहे थे। रास्ते में ही बाइक सवार बदमाशों ने घेर लिया। वह जान बचाने के लिए सुधीर के बरामदे में भागे। इसी दौरान बदमाशों ने संत कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पेट में दो, सिर के पीछे एक और कंधे पर एक गोली लगने की वजह से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने संत के बड़े बेटे मंजेश की तहरीर पर गांव के दिनेश निषाद, उसके भाई रमेश निषाद, साले महादेव, बीडीसी सदस्य अनिल निषाद और बेलीपार चौराहा निवासी सुन्दरम के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। एहतियातन गांव में तीन थाने की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।