सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रतिबंधित पॉलिथीन और थर्मोकोल जब्त किया।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। प्रतिबंध के बावजूद बाजार में पॉलिथीन और थर्मोकोल का इस्तेमाल हो रहा है। जिले के अलावा आसपास के इलाकों में भी साहबगंज मंडी से इसकी सप्लाई की सूचना पर जिला और नगर निगम प्रशासन की टीम ने छापेमारी की। इस मंडी से जब्त सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। शनिवार शाम को सिटी मजिस्ट्रेट अजीत सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी टीम के साथ साहबगंज मंडी में पहुंचे।
सूर्या ट्रेडर्स प्रतिष्ठान में छापेमारी के दौरान टीम को करीब 60 बॉक्स थर्मोकोल मिला। उसके बाद प्रतिष्ठान से 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही काफी मात्रा में प्लास्टिक के सामान की भी बरामदगी हुई। छापेमारी की सूचना के बाद पॉलिथीन और थर्मोकोल का कारोबार करने वाले दुकानदार दुकानों का शटर गिराकर खिसक लिए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रस्तोगी ने कहा कि पॉलिथीन और थर्मोकोल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है। इसके खिलाफ लगातार छापेमारी हो रही है। जल्द ही ऐसे दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।