हाईटेक हो रहे होम्योपैथ चिकित्सालय
19 अस्पतालों में भेजे जा रहे लैपटॉप, प्रिंटर और स्कैनर
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। होम्योपैथ चिकित्सा व्यवस्था को सरकार हाईटेक करने में लगी है। अस्पताल में लैपटॉप प्रिंटर, स्कैनर के साथ ही सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। इससे अब मरीजों के बारे में विवरण ऑनलाइन किए जाने के अलावा पर्ची भी ऑनलाइन ही दी जाएगी।
जिले में 26 होम्योपैथ अस्पताल संचालित हैं। इनमें से सरकारी भवन में केवल 19 अस्पताल ही संचालित हो रहे हैं। पांच अस्पताल किराए के भवन संचालित हैं जबकि दो अन्य होम्योपैथ चिकित्सालय बिना किराए वाले भवनों में संचालित हैं। सरकारी भवनों में संचालित 19 अस्पतालों में ही यह सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। होम्योपैथ चिकित्सालयों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों का विवरण ऑनलान फीड किया जाएगा। इसके अलावा मरीजों को ऑनलाइन पर्ची भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। प्रत्येक अस्पताल को एक लैपटॉप, स्कैनर, आवश्यक फर्नीचर और सोलर प्लांट दिए जा रहे हैं। ताकि मरीजों को ऑनलाइन सेवा उपलब्ध कराई जा सके। अब तक करीब 15 अस्पतालों को सामान जिले से भेजे भी जा चुके हैं। प्रभारी जिला होम्योपैथ अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में 19 होम्योपैथ अस्पताल सरकारी भवन में संचालित हो रहे हैं। इन अस्पतालों में उपकरण भेजे जा रहे हैं। अब तक करीब 15 अस्पतालों को सामग्री भेज दी गई है। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देश के अनुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।