गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मगहर में संत कबीर दास के समाधि स्थल पर चादर चढ़ाकर विश्वशांति, समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश देंगे। साथ ही कबीर अकादमी का शिलान्यास भी करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 जून को संतकबीरनगर के मगहर आ रहे हैं। इसकी तैयारियों के लिए शुक्रवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बैठक बुलाई है। इसी सिलसिले में क्षेत्रीय कमेटी के तमाम पदाधिकारी गुरुवार को गोरक्ष प्रांत के अलग-अलग जिलों में गए। साथ ही प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने की रणनीति बनाई।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि संत कबीर दास का 620वां प्रकाट्य दिवस 28 जून को है। इसी वजह से प्रधानमंत्री संतकबीरनगर आ रहे हैं। वह कबीर धुनी को भी देख सकते हैं। जो कार्यक्रम प्रस्तावित है उसके मुताबिक प्रधानमंत्री संत कबीर दास के समाधि स्थल भी जाएंगे।