कुलपति से मिलकर विरोध जताते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : Amar Ujala
गोरखपुर विश्वविद्यालय के एमबीए कोर्स में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को गलत तरीके से अनुत्तीर्ण करने आरोप लगाते हुए शुक्रवार को विरोध में प्रदर्शन किया गया। विश्वविद्यालय के एमबीए फैकल्टी परिसर में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने मुख्यद्वार पर ताला लगा दिया। मौके पर पहुंचे प्रौढ़ शिक्षा विभाग के समन्वयक डॉ. आशुतोष दीक्षित ने नाराज विद्यार्थियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। उसके बाद सभी प्रशासनिक भवन परिसर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इसके बाद कुलपति को ज्ञापन देकर विभागाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों का आरोप था कि विभागाध्यक्ष उनकी समस्याएं न सुनकर पहुंचने पर पुलिस बुलाने की धमकी देते हैं। वह अक्सर विद्यार्थियों को इयर बैक लगाने और एचओडी से पंगा न लेने की धमकी देते हैं। इसके साथ ही अनावश्यक रूप से प्लेसमेंट के नाम पर 1000 रुपये का शुल्क देने के लिए भी उनकी ओर से दबाव बनाया जा रहा है, जबकि प्रति वर्ष प्लेसमेंट शुल्क जमा किया जाता है। विद्यार्थियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक एमबीए और बीबीए में बैक लगे विद्यार्थियों को पास नहीं किया जाता और एचओडी पर कार्रवाई नहीं की जाती है, तब तक कक्षाएं चलने नहीं दी जाएंगी।