सदर संसदीय सीट के उपचुनाव के लिए सोमवार को समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रवीण कुमार निषाद और निर्दल के तौर पर राधेश्याम सेहरा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। चंपा देवी पार्क में सभा के बाद प्रवीण, नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद, पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अयूब और सपा के जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव समेत कई नेताओं के साथ पर्चा दाखिल करने पहुंचे। उन्होंने दो सेट में नामांकन किया।
वहीं सोमवार को भी पांच लोगों ने पर्चे लिए। अब तक 46 पर्चे लिए जा चुके हैं, जबकि तीन लोग नामांकन कर चुके हैं। आखिरी दिन मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी उपेंद्र शुक्ला और कांग्रेस की प्रत्याशी सुरहीता करीम समेत सर्वाधिक नामांकन होने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन को सोमवार को भी दूसरे दिनों की तुलना में अधिक संख्या में नामांकन होने की उम्मीद थी। यही वजह रही कि सुबह से ही कलेक्ट्रेट के सभी एंट्री प्वाइंट और नामांकन स्थल पर अन्य दिनों की तुलना में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। एसपी सिटी विनय सिंह खुद नामांकन स्थल के बाहर मोर्चा संभाले रहे। मंगलवार को भी कड़ी चौकसी बरती जाएगी।
लखपती प्रवीण की पत्नी 99 हजार की कर्जदार
संपत्ति के मामले में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी प्रवीण कुमार निषाद की पत्नी ज्यादा धनी हैं। हालांकि उन पर इलाहाबाद बैंक के 99 हजार रुपये का कर्ज भी है। 29 वर्षीय प्रवीण के पास नकद 45 हजार और उनकी पत्नी के पास 32 हजार रुपये हैं। उनकी पत्नी के पास 5.60 लाख कीमत का 175 ग्राम सोना और 234 ग्राम चांदी है, जिसकी कीमत 91 हजार है। प्रवीण के पास 1.23 लाख तथा उनकी पत्नी के पास 10.02 लाख की चल संपत्ति है। प्रवीण ने बी-टेक मैके निकल इंजीनियरिंग तक की पढ़ाई की है।
लखपती हैं मजदूर राधेश्याम
पेशे से खुद को मजदूर बताने वाले राधेश्याम लखपती हैं। उनके पास 5.30 लाख रुपये तथा उनकी पत्नी के पास 70 हजार रुपये की चल संपत्ति है। राधेश्याम के पास 15 लाख कीमत की अचल संपत्ति भी है। वह इंटर पास हैं।
आज नामांकन करेंगी कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सुरहीता करीम
लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सुरहीता करीम मंगलवार को पर्चा दाखिल करेंगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल ने बताया कि डॉ. सुरहीता करीम मंगलवार को चारु चंद पुरी कॉलोनी स्थित अपने आवास से कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पैदल ही कलेक्ट्रेट जाएंगी। डॉ. जमाल ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सुबह 10 बजे चारू चंद पुरी कॉलोनी में इकट्ठा होने की अपील की है। वहीं सोमवार को महानगर कांग्रेस कमेटी की चारू चंद पुरी कॉलोनी में आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस, महानगर कांग्रेस, सभी फ्रंटल जन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के डॉ. सुरहीता के नामांकन के दौरान मौजूद रहने का निर्णय लिया गया। बैठक में महानगर अध्यक्ष अरुण अग्रहरि, रामअवतार गौड, मदन त्रिपाठी, जयंत पाठक, अनवर हुसैन, दिलीप कुमार निषाद, बृजबिहारी लाल, राकेश यादव, एस इकबाल, राणा राहुल सिंह, तारीक शाहिद समेत अन्य मौजूद रहे।