सिद्धार्थनगर। थाना भवानीगंज क्षेत्र के ग्राम बयारा स्थित बालिका सुधार गृह में रह रही किशोरी ने शनिवार देर रात करीब 11 बजे विवाद के बाद फिनायल पी लिया। बस्ती जिला अस्पताल में इलाज के बाद किशोरी की हालात स्थिर है। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने मामले की जांच कर साथ रहने वाली अन्य बालिकाओं से भी पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक करीब दो वर्ष पूर्व देवरिया बालिका गृह से गोंडा की रहने वाली एक किशोरी का स्थानांतरण सिद्धार्थनगर किया गया। नवरात्र में किशोरी के साथ दो अन्य लड़कियों ने व्रत रखा। रोजाना पूजा के बाद आरती में प्रबंधन कुछ रुपये देता था। शनिवार को रुपयों के बटवारे को लेकर तीनों में विवाद हुआ। सूचना मिलने पर प्रबंधन के जिम्मेदार आए व सभी को फटकार लगाई। मामला शांत कराने के बाद वापस चले गए। प्रबंधन के रुख से नाराज किशोरी ने शौचालय में जाकर फिनायल पी लिया। सूचना मिलने पर एसडीएम ने तहसीलदार लालता प्रसाद व एसओ भवानीगंज प्रदीप सिंह को मौके पर जांच के लिए भेजा। इस संबंध में प्रबंधक बाल गृह बालिका रामपुजारी वर्मा ने कहा कि आरती में चढ़ावा के रूप में चढ़ाए गए रुपये के बंटवारे को लेकर बालिकाओं में विवाद हुआ था। नाराज होकर एक किशोरी ने फिनायल पी लिया। इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार आया है। एसओ भवानीगंज प्रदीप सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार के साथ प्रकरण की जांच की। कमियां सामने आई हैं। रिपोर्ट एसडीएम को दे दी जाएगी। एसडीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि मामला संज्ञान में है। किशोरी के फिनायल पीने की सूचना मिलने के बाद जांच के लिए तहसीलदार व एसओ को भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।