ककरहवा(सिद्धार्थनगर)। नशा करने के लिए पैसे न देने पर नाबालिग पुत्र ने मां की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना नेपाल के लुंबिनी थाना के वार्ड नंबर 3 में शनिवार की देर रात की है। नाबालिग पुत्र ने मां की पीट-पीट कर हत्या कर दी। मां का नाम कोकिला कहार (37) है। घटना के बाद से आरोपी पुत्र संजय (16) फरार है। घटना के समय आरोपी के पिता रामप्रसाद काम पर गए हुए थे। पुलिस के अनुसार कोकिला कहार का बड़ा पुत्र संजय नशा करने के लिए पैसा मांग रहा था। मां ने पैसा देने से इंकार कर दिया। इस पर नाराज पुत्र ने घर में चल रहे टीवी की आवाज को तेज करने के बाद कील लगी पटरी से वार करने लगा। इसी दौरान मां की मौत हो गई। घटना के समय छोटे भाई व बहन घर पर ही मौजूद थे। घटना के बाद फरार नाबालिग अलमारी में रखे एक लाख रुपये व जेवर भी ले गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नेपाल पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।