गोरखपुर।
कैंपियरगंज ब्लॉक प्रमुख रमेंद्र नाथ यादव के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव गुरुवार को पास हो गया। 137 क्षेत्र पंचायत सदस्यों वाले सदन में 96 बीडीसी ने प्रमुख के खिलाफ मतदान किया। 25 सदस्य समर्थन में रहे लेकिन वे ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी नहीं बचा सके। भाजपा सरकार बनने के बाद गोरखपुर जिले में ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास होने का यह पहला मामला है।
कैंपियरगंज विकास खंड पर सुबह से ही गहमागहमी रही। दोपहर बाद अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग शुरू हुई। एसडीएम गोला, बांसगांव और कैंपियरगंज की मौजूदगी में क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) ने वोट डाले। सारे वोट पड़े लेकिन 11 सदस्यों का वोट निरस्त मान लिया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच हुए मतदान में ब्लॉक प्रमुख को दो साल पहले ही अपनी कुर्सी से हाथ धोना पड़ा। बताया जा रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव को पारित कराने में क्षेत्रीय विधायक फतेह बहादुर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
16 अगस्त को दूसरा अविश्वास प्रस्ताव
ऊरुवा ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ 16 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। इसकी नोटिस जिलाधिकारी को दी जा चुकी है। विकास खंड में 101 क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) हैं। अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर 77 सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं। अभी तसनीम फातिमा ब्लॉक प्रमुख हैं।