गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) शहर की कई सड़कों की मरम्मत और निर्माण के साथ ही चौराहों, पार्कों का सुंदरीकरण कराने जा रहा है। इन कामों पर अवस्थापना मद के करीब 14 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सर्वे आदि के बाद प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। कमिश्नर अनिल कुमार की अध्यक्षता में 19 की दोपहर 3.30 बजे आयुक्त सभागार में आयोजित अवस्थापना समिति की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है। सभी प्रस्तावित कामों को लेकर जीडीए वीसी ओएन सिंह और चीफ इंजीनियर संजय सिंह समेत अभियंताओं की टीम ने शनिवार को मौके का निरीक्षण किया।
करोड़ों का फंड होने के बाद भी अवस्थापना समिति की बैठक पखवारे भर से अधिक समय से लटकी पड़ी थी। दो दिवसीय दौरे पर 14 जून को आए मुख्यमंत्री ने जब विकास कार्यों को लेकर जीडीए और नगर निगम के प्रयासों पर असंतोष जताया तो आनन-फानन में अवस्थापना समिति की बैठक की तिथि तय की गई। इसमें शहर की सड़कें , चौराहों, नाली और पार्क से जुड़े 22 काम कराए जाएंगे।
लंबे समय से बदहाल पड़े बेतियाहाता स्थित बजाज पार्क का भी कायाकल्प होगा। जीडीए अवस्थापना मद से ही इस पार्क की मरम्मत, जॉगिंग ट्रैक और पौधरोपण का काम कराएगा। इस पर 21.50 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी तरह रेलवे स्टेशन स्थित महाराणा प्रताप की मूर्ति से लेकर सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस तक की सड़क की मरम्मत व चौड़ीकरण कराया जाएगा। 710 मीटर लंबी इस सड़क पर 21 लाख रुपये खर्च होंगे। बौद्ध संग्रहालय के पास स्थित रेल विहार कॉलोनी के पार्क की मरम्मत पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। 231 मीटर लंबे जॉगिंग ट्रैक दुरुस्त कराने के साथ ही पार्क में पौधरोपण और पानी की पाइपों को दुरुस्त किया जाएगा। इसी तरह चिलमापुर तिराहे से भगत चौराहे के पास पेट्रोल पंप तक 900 मीटर लंबी सड़क का निर्माण व मरम्मत कराई जाएगी। इसपर 50 लाख रुपये खर्च होंगे।
1.87 करोड़ से बनेगी राप्तीनगर की सड़कें
वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज से राप्तीनगर होते हुए मानबेला तक जाने वाली कॉलोनी की सभी सड़कों का अवस्थापना मद से नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा। एक किलोमीटर से अधिक लंबी इस सड़क पर 1.87 करोड़ रुपये खर्च होगा।
नकहा में 1.33 करोड़ से सीसी नाला बनेगा
नकहा ओवरब्रिज से लेकर स्पोर्ट्स कॉलेज तक सड़क के दोनों तरफ प्राधिकरण सीसी नाले का निर्माण कराएगा। इससे निर्माणाधीन सड़क तो सुरक्षित होगी ही, लोगों को जलभराव से भी राहत मिलेगी। 2.56 किलोमीटर लंबे इस नाले पर 1.33 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पैडलेगंज चौराहे का होगा सुंदरीकरण
लंबे समय से प्रस्तावित पैडलेगंज चौराहे का जीडीए सौंदर्यीकरण भी कराएगा। लोक निर्माण विभाग मोहद्दीपुर से पैडलेगंज थाने तक की सड़क को फोरलेन कराएगा। जीडीए पुलिस चौकी हटाने के साथ ही चौकी के पीछे आईलैंड और पौधरोपण के साथ ही डिवाइडर भी बनवाएगा।
झारखंडी मंदिर से सिक्टौर तक की सड़क बनेगी
इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र को देवरिया बाईपास से जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण और उच्चीकरण का काम भी अवस्थापना मद से होगा। जीडीए इसे दो से तीन चरणों में पूरा कराएगा। पहले चरण में झारखंडी मंदिर के पीछे से लेकर 670 मीटर दूरी तक की सड़क बनाई जाएगी। इस पर 1.86 करोड़ रुपये खर्च होंगे।