गोरखपुर। पैडलेगंज में बने नेशनल हाइवे (एनएच) के कार्यालय की दीवार शनिवार को ढहा दी गई। रविवार को पूरा कार्यालय ढहा दिया जाएगा। अब एनएच का अस्थायी कार्यालय उसके डाक बंगले से संचालित होगा। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक बन रही फोरलेन में इसके चलते दिक्कत के कारण प्रशासनिक अधिकारियों ने भवन गिराने का आदेश दिया है।
एनएच का डिवीजन 1982 में शहर में खोला गया था। विभाग के पास भवन नहीं था। इस कारण सड़क के किनारे पीडब्ल्यूडी की खाली जमीन पर दो मंजिला भवन का निर्माण कराया गया। नीचे ऊपर मिलाकर दर्जन भर कमरे हैं। तीन से चार सहायक अभियंताओं के अलावा 10 सहायक अभियंता इस डिवीजन में कार्यरत थे। बाबुओं के लिए अलग कक्ष बनाया गया था। अब सभी को ध्वस्त किया जाएगा। एनएच गोरखपुर में लगभग 12 वर्षों से कार्यरत सहायक अभियंता बीएन यादव मायूस हैं। भवन से बहुत यादें जुड़ी हैं। लेकिन विकास कार्य में बाधा नहीं आनी चाहिए।
राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर आई तेजी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दिसंबर के पहले सप्ताह में शहर आ सकते हैं। उन्हें चिड़ियाघर का उद्घाटन करना है। उसके मद्देनजर सर्किट हाउस से एयरपोर्ट के फोरलेन सड़क का निर्माण तेज किया गया है।
20 मीटर बनेगी सड़क
एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक 20 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें बिजली का अंडर ग्राउंड तार डालने के लिए नाली बनाई जा रही है। एनएच कार्यालय के सामने जगह कम पड़ने के कारण शुक्रवार को कमिश्नर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया था। पहले बाउंड्रीवाल ही गिराया जाना था लेकिन समस्या बरकरार रहने पर भवन गिराने का निर्णय लिया गया।