बेलघाट ब्लॉक के चपरहट गांव के प्रधान के पावर डीएम ने सीज कर दिए हैं। मुख्य विकास अधिकारी की जांच में इंदिरा आवास और लोहिया आवास योजना में भारी गड़बड़ी मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। अब गांव में एक त्रिस्तरीय कमेटी बनाई जाएगी, जो प्रधान के कामकाज देखेगी।
कुछ महीने पहले ग्र्रामीणों ने अपात्रों को इंदिरा आवास और लोहिया आवास दिए जाने की शिकायत की थी। इस पर सीडीओ ने 27 जून को चौपाल लगा कर जांच की थी। जो जांच आख्या उन्होंने प्रेषित की, उसमें उन्होंने कहा कि चौपाल में उपस्थित तीन चौथाई लोगों ने बताया कि कोटेदार राशन नहीं बांटता है। उसे भी चौपाल में बुलाया गया था, पर वह नहीं आया। प्रधान की पत्नी, घरवालों और कई अपात्रों को राशन कार्ड जारी किए गए हैं।
सीडीओ ने कहा कि इस ग्राम पंचायत का राजस्व ग्राम एकौना 2014-15 में लोहिया ग्राम था। उस गांव के राधेश्याम को लोहिया आवास दिया गया, जबकि वह इंदिरा आवास पा चुके थे। रामवृक्ष को दोनों किस्त मिल गई, पर आवास अधूरा है। चार और अपात्रों को भी लोहिया आवास दिया गया। अभी तक 90 प्रतिशत लोहिया आवास अधूरा है। इस ग्राम पंचायत में 40 इंदिरा आवास दिए गए, पर अधिकतर अधूरे ही हैं। गांव में 105 शौचालय भी आवंटित किए गए, उसमें से भी अधिकतर अधूरे हैं। इन अनियमितताओं को देखते हुए प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई की गई।