गोरखपुर।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में प्रस्तावित 500 बेड वाले बालरोग अस्पताल की रूपरेखा तय करने के लिए महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. केके गुप्ता ने मंगलवार को लखनऊ में बैठक बुलाई है। बीआरडी के प्राचार्य डॉ. पीके सिंह और बालरोग विभागाध्यक्ष बीआरडी डॉ. महिमा मित्तल को बैठक में हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया है। बैठक में अस्पताल की बहुमंजिली इमारत का खाका तय होगा। सूत्रों की माने तो बिल्डिंग में किस तल पर क्या सुविधा होगी, यह इस बैठक में तय किया जाएगा। इसके अलावा ओपीडी से लेकर, एनआईसीयू और पीआईसीयू का स्थान भी तय किया जाएगा। बैठक में पीजीआई के नियोनेटल विभागाध्यक्ष, केजीएमसी के पीडियाट्रिक विभागाध्यक्ष, मुख्य वित्त अधिकारी, राजकीय निर्माण निगम के अफसर भी हिस्सा लेंगे। बता दें कि पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस से होने वाली बच्चों की मौतों को रोकने के लिहाज से यह अस्पताल काफी अहम साबित होगा। सरकार की ओर से पिछले दिनों इस अस्पताल के निर्माण को स्वीकृति मिली थी। शुरू में करीब पौने तीन सौ करोड़ इसकी लागत आंकी गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर करीब तीन सौ करोड़ कर दिया गया था।