गोरखपुर।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई के लिए जल्द ही ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसमें करीब एक माह का समय लग सकता है। ऑक्सीजन संकट के बाद से मेडिकल कॉलेज प्रशासन सिलेंडर सप्लायर फर्म इंपीरियल गैस लिमिटेड की सप्लाई होल्ड कर पुरानी एजेंसी मोदी गैसेज से सिलेंडर मंगा रहा है।
12 अगस्त से मोदी गैसेज की ओर से अस्पताल को ऑक्सीजन सिलेंडर भेजे जा रहे हैं। मोदी गैसेज की ओर से इस बीच पुराने अनुबंध के नवीनीकरण की मांग की जा रही है। इससे पहले भी यह फर्म मेडिकल कॉलेज को ऑक्सीजन सिलेंडर भेजती रही, लेकिन मार्च में इसे होल्ड करके पूर्व प्राचार्य इंपीरियल गैस लिमिटेड से सिलेंडर मंगाने लगे थे। ऑक्सीजन संकट के बाद इलाहाबाद की फर्म से महंगे दर पर ऑक्सीजन की खरीद का मामला सामने आने पर नए प्राचार्य डॉ. पीके सिंह ने इंपीरियल गैस लिमिटेड को होल्ड कर दिया। इसके साथ ही पुराने टेंडर के आधार पर मोदी गैस को सप्लाई देने के लिए कहा। इस बीच मोदी गैस की ओर से पुराने अनुबंध के रिन्यूवल के लिए सीएमएस और प्राचार्य से संपर्क साधा जा चुका है। प्राचार्य इसके लिए तैयार नहीं हैं। प्राचार्य डॉ. पीके सिंह ने बताया कि अभी आकस्मिक व्यवस्था के तहत मोदी गैस से सिलेंडर मंगाए जा रहे हैं। इसके लिए एक माह में ई-टेंडर जारी किया जाएगा। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कराकर ही नए सप्लायर का चयन किया जाएगा।