गोरखपुर। लखनऊ रूट बंद रहने तक फोरलेन पर स्थित तेनुआ टोल प्लाजा पर शहर के लोगों से टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। डीएम राजीव रौतेला ने इस संबंध में एनएचएआई के परियोजना निदेशक एपी कुशवाहा को निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के खतरे को देखते हुए जब तक कालेसर से नौसड़ का रूट बंद रहता है तब तक के लिए तेनुआ टोल प्लाजा पर गोरखपुर के लोगों से टोल टैक्स न वसूला जाए।
गोरखपुर-लखनऊ का संपर्क मार्ग और गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग बंद होने से ज्यादातर वाहनों को बाघागाड़ा से नेशनल हाइवे पर निकाला जा रहा है। वहीं तेनुआ टोल प्लाजा पर शुल्क वसूलने से गोरखपुर के लोगों को बाढ़ की दोहरी मार झेलनी पड़ रही थी। ‘अमर उजाला’ ने 22 अगस्त के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को एनएचएआई के पीडी को टोल प्लाजा पर गोरखपुर के लोगों से टोल न वसूलने के संबंध में निर्देश जारी किए। बता दें इस टोल प्लाजा पर छोटे वाहनों से एक तरफ का 90 रुपये शुल्क लिया जाता है। टोल शुल्क न वसूलने के संबंध में बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान और सहजनवां के विधायक शीतल प्रसाद ने भी प्रशासन से मांग की थी।