कुशीनगर। किसानों की कई समस्याओं को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने बुधवार को गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इन लोगों ने प्रदेश सरकार की तरफ से की गई ऋण माफी की घोषणा को किसानों के साथ धोखा बताया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित पांच सूत्री मांग पत्र तहसीलदार को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने मांग जल्द पूरा नहीं होने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी।
भाकियू जिला प्रभारी गुलबदन यादव की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन की जानकारी होने पर पहुंचे तहसीलदार सुक्रमा प्रसाद विश्वकर्मा को इन लोगों ने ज्ञापन दिया। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, मंडल सचिव रामाकांत तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष उदयभान यादव, तहसील पडरौना के अध्यक्ष रमाशंकर यादव, तहसील अध्यक्ष कसया बद्री प्रसाद कुशवाहा, ब्लॉक अध्यक्ष सुकरौली अनिरुद्ध तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष फाजिलनगर सुमित्रा देवी, जिला सचिव रामअवतार कुशवाहा आदि का कहना था कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए संजीदा नहीं हैं। इनकी तरफ से सौंपे गए पांच सूत्री ज्ञापन में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा व पंजाब में किसानों का कर्ज माफ करने, मध्य प्रदेश के मंदसौर में मारे गए किसानों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा और नौकरी देने, किसानों के हित के लिए स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशें लागू करने, फसल की लागत मूल्य में पचास फीसदी जोड़कर समर्थन मूल्य दिलाने आदि मांगें शामिल हैं। इस दौरान अब्दुल अंसारी, पार्वती देवी, सुनरा देवी, मुन्नी देवी, सविता देवी सहित भाकियू के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।