विवेक सिंह
गोरखपुर। सहजनवां में आईटीआई करने की राह देख रहे विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें आईटीआई करने के लिए कस्बे से बाहर का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब बरडार से थोड़ी ही दूर कंदराई में नए आईटीआई कॉलेज का निर्माण शुरू हो गया है। सब ठीक-ठाक रहा तो अगले साल तक कॉलेज से आईटीआई करने की सुविधा विद्यार्थियों को मिलने लगेगी।
आईटीआई, चरगांवा नोडल केंद्र के प्रिंसिपल राजन राम ने बताया कि आईटीआई चरगांवा के तर्ज पर ही अब तक का सबसे बड़ा कॉलेज होगा, जहां विद्यार्थियों को 12 ट्रेड से आईटीआई करने की सुविधा मिलेगी। एक साल में करीब 400 व्रिद्यार्थी विभिन्न ट्रेड से आईटीआई पास कर सकेंगे। इसके लिए शासन से 4.87 करोड़ का बजट मार्च में जारी हो गया था, इसके बाद कार्यदाई संस्था ने इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। साल के अंत में भवन निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। इस इलाके में आईटीआई कॉलेज न होने की वजह से विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसकी पढ़ाई के लिए उनके पास शहर आने के अलावा कोई चारा नहीं था। कम फीस में एडमिशन मिलने के बाद भी आने-जाने में विद्यार्थियों का खर्च बढ़ता था।
कॉलेज में होगी ये सुविधा
एक आईटी लैब
12 अत्याधुनिक वर्कशॉप
12 ऑफिस और कमरे
12 थ्योरी क्लास के रूम
12 प्रैक्टिकल रूम
जिले में पहले से आठ आईटीआई
राजकीय आईटीआई चरगांवा
राजकीय आईटीआई रेलवे कॉलोनी
राजकीय आईटीआई महिला विश्व बैंक, असुरन
राजकीय आईटीआई कैंपियरगंज
राजकीय आईटीआई खजनी
राजकीय आईटीआई चौरीचौरा
राजकीय आईटीआई बांसगांव
राजकीय आईटीआई बड़हलगंज
दो कॉलेजों का बन रहा भवन, एक का बीच में लटका
जिले के चौरीचौरा और बांसगांव, बड़हलगंज आईटीआई कॉलेजों के भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। इन तीनों कॉलेजों केे विद्यार्थियों की पढ़ाई आईटीआई चरगांवा के नोडल केंद्र पर चल रही है। बांसगांव का भवन बनकर तैयार है, बस बिजली कनेक्शन का काम बचा है। वहीं चौरीचौरा भवन का निर्माण पूरा होने के बाद भी कार्यदाई संस्था ने अभी तक भवन हैंडओवर नहीं किया है। बड़हलगंज कॉलेज का निर्माण कार्य विवाद की वजह से रूका हुआ है।