गोरखपुर।
मेट्रो के लिए शहर में सर्वे तेज हो गया है। मेट्रो का निर्माण कराने वाली रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राईट्स) ने सर्वे के लिए कंपनी का चयन कर लिया है और सोमवार से उसने काम भी शुरू कर दिया। सर्वे की जिम्मेदारी दिल्ली की स्वेता टेकभनोफाइल कंसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड(एसटीसी) को मिली है। कंपनी, सर्वे के तहत पहले विभिन्न रूटों पर यातायात का दबाव जांच रही हैं। इसके तहत सड़कों पर रोजाना चलने वाले सभी भारी वाहन, चार पहिया, दो पहिया, रिक्शा और पैदल चलने वाले भी शामिल हैं।
पहले दिन के सर्वे में शहर के सात रूटों पर यातायात का दबाव जांचा गया। टीपी नगर से मोहद्दीपुर मार्ग पर भारी और बड़े वाहनों दबाव सबसे ज्यादा पाया गया तो वहीं बाकी रूटों पर मोटरसाइकिल और पैदल चलने वाले ज्यादा पाए गए। अलग-अलग रूटों के लिए सुपरवाइजर की निगरानी में सर्वेयर से सर्वे कराया जा रहा है। सुपरवाइजर विनय कुमार और किशन कुमार ने बताया कि रोजाना 16 सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक यातायात दबाव का जायजा लिया जा रहा है। इस दौरान यह भी देखा जा रहा है कि संबंधित रूट पर किस समय वाहनों का दबाव ज्यादा रह रहा है। बताया कि पहले दिन के सर्वे में कचहरी से आजाद चौक पर सर्वाधिक दबाव मोटरसाइकिल का है। इसी तरह मोहद्दीपुर से रुस्तमपुर होते हुए आजाद चौक जाने वाले रास्ते पर भी पहले नंबर पर मोटर साइकिल, दूसरे पर कार और तीसरे नंबर पर सर्वाधिक पैदल चलने वालों की संख्या है।
0
इन रूटों से हुई शुरुआत
मोहद्दीपुर से रुस्तमपुर चौक होते हुए आजाद चौक
कचहरी से आजाद चौक
मोहद्दीपुर से ट्रांसपोर्टनगर
ट्रांसपोर्टनगर से मोहद्दीपुर
रुस्तमपुर चौक से कैंट चौक
कैंट चौक से अंबेडकर चौक
अंबेडकर चौक से शास्त्री चौक
19 को आएंगे राईट्स के जीएम
राईट्स के जीएम प्रेम रंजन कुमार ने बताया कि सर्वे के लिए टेंडर निकालने के साथ ही कंपनी का चयन भी कर लिया गया है। काम शुरू हो गया है। वे खुद 19 को गोरखपुर आकर प्रगति जांचेंगे। बताया कि मेट्रो का प्रोजेक्ट अपने तय समय पर पूरा होगा। सर्वे के बाद जैसे ही डीपीआर तैयार हो जाएगा, निर्माण का काम भी शुरू हो जाएगा।