गोरखपुर। एम्स और खाद कारखाने के बाद शहर के लोगों को एक और सौगात मिलने जा रही है। दिल्ली के लिए जेट लाइट की फ्लाइट सेवा बंद होने के बाद अब स्पाइस जेट कंपनी गोरखपुर से अपनी सेवा शुरू करने जा रही है। चार अक्टूबर से दिल्ली और कोलकाता के लिए यह विमान सेवा शुरू हो जाएगी। इससे सबसे ज्यादा फायदा कोलकाता जाने वालों को होगा क्योंकि वहां के लिए गोरखपुर से कोई विमान सेवा नहीं थी, वहीं दिल्ली के लिए एयर इंडिया के बाद यह दूसरी विमान सेवा होगी।
सोमवार को स्पाइस जेट के अधिकारियों ने एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान अपनी सेवा शुरू करने की तिथि की घोषणा की। साथ ही यह भी बताया कि शुरू में दिल्ली और कोलकाता के लिए प्रमोशनल यात्रा के तौर पर 2300 रुपये में टिकट मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए बुकिंग शुरू हो गई है। स्पाइस जेट की फ्लाइट पहले सुबह 9.50 कोलकाता से गोरखपुर के लिए उड़ान भरेगी। गोरखपुर से फिर यह फ्लाइट दिल्ली और फिर वहां से गोरखपुर आएगी। फिर 20 मिनट के अंतराल के बाद यह फ्लाइट शाम 4.15 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरेगी। यह सेवा रोजाना रहेगी। बताया जा रहा है कि भविष्य में यह सेवा गुवाहाटी और काठमांडू के लिए भी शुरू हो सकती है।
कोलकाता से प्रस्थान- 9.50 बजे
गोरखपुर पहुंचने का समय- 11.30 बजे
गोरखपुर से दिल्ली प्रस्थान-11.50 बजे
दिल्ली पहुंचने का समय-1.45 बजे
दिल्ली से गोरखपुर प्रस्थान- 2.15 बजे
गोरखपुर पहुंचने का समय- 3.55 बजे
गोरखपुर से कोलकाता प्रस्थान -4.15 बजे
कोलकाता पहुंचने का समय- 5.50 बजे