गोरखपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि विपक्षी पार्टियों को किसान चुनाव में याद आते हैं, जबकि भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही मोदी किसानों को याद कर रहे हैं। गेहूं और धान का समर्थन मूल्य के साथ ही अन्य अनाजों का समर्थन मूल्य घोषित कर दिया गया। हर किसान का गेहूं खरीद कर उसे लाभकारी मूल्य दिया जाएगा।
किसान मोर्चा के अधिवेशन में प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आप सब निश्चिंत होकर जनता के बीच जाइए और अपनी सरकार की उपलब्धियों को बताइए। अब तक 70 वर्षों के इतिहास में जितने कार्य मोदी सरकार ने किसानों के लिए किए हैं, उतने दूसरी सरकारें नहीं कर पाईं। प्रदेश सरकार ने 37 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया। किसानों की आमदनी को दुगना करने के लिए कार्य हो रहा है। सिंचाई के संसाधन कम दाम पर दिए जा रहे हैं। उससे कम लागत में सिंचाई पर्याप्त होगी। किसान की उपज के साथ आमदनी भी बढ़ेगी। किसान समृद्धि योजना किसानों के लिए वरदान साबित होगी।