लापरवाही पर 54 प्रधानाध्यापकों का रोका वेतन
एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण तलब
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। बीएसए जगदीश शुक्ला ने जिले के विभिन्न ब्लॉकों में स्थित विद्यालयों में तैनात 54 प्रधानाध्यापकों का दायित्व के प्रति लापरवाही बरतने वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। इन सभी शिक्षकों से एक सप्ताह के अंदर जवाब तलब किया गया है।
बीएसए ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के सफल संचालन, विद्यालयों में बच्चों एवं समस्त स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य विभाग की टीम की जांच आख्या में 54 विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम बताई गई। इसके चलते विद्यालयों में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का पूरी तर से क्रियान्वयन नहीं हो सका। उनका कहना था कि विद्यालयों में तैनात शिक्षकों द्वारा महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में रुचि नहीं ली जा रही है। बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित न होने यह बात स्पष्ट हो रही है कि शिक्षकों द्वारा इस कार्य में रुचि नहीं ली गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देेशों की अवहेलना करने पर 54 प्रधानाध्यापकों के वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि धानी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कलईगढ़ के उत्कर्ष पांडेय, प्राथमिक विद्यालय हथियागढवां के अशोक कुमार पाठक, उच्च प्राथमिक विद्यालय हथियागढवां के प्रमोद कुमार सहानी, प्राथमिक विद्यालय के देवेंद्र प्रसाद मिश्र, उच्च प्राथमिक विद्यालय घीवपीड़ के रवि कुमार मिश्र के अलावा मिठौरा ब्लॉक के नौ, सिसवां के आठ, फरेंदा के तीन, लक्ष्मीपुर के पांच, बृजमनगंज के पांच, नौतनवां के तीन, पनियरा, परतावल और घुघली के एक-एक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।