हादसों में दंपती समेत सात घायल
भैया फरेंदा व मरचाहे बाबा की कुटी के पास अलग-अलग जगहों पर हुई दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में दंपती समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोगों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र निवासी राधेश्याम (55) पत्नी पद्मावती (53) के साथ शनिवार की सुबह पांच बजे के करीब बाइक से फरेंदा से घर लौट रहे थे। अभी वह फरेंदा थाना क्षेत्र के पिपरामौनी चौराहे के समीप पहुंचे थे कि सड़क के किनारे खड़ी वाहन से बाइक टकरा गई। इस हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हे सीएचसी बनकटी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना शुक्रवार की रात में गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर दो बाइक की टक्कर हो जाने से हुई। इस हादसे में रामनिगाहे (32) निवासी अदरौना बृजमनगंज व चंद्र प्रकाश गौतम (22) व सूरज गौतम (19) निवासी सुखराजपुर खुर्द गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी बनकटी ले जाया गया। तीसरी घटना शनिवार को दिन में दो बजे के करीब फरेंदा-कैम्पियरगंज जंगल में मरचाहे बाबा की कुटी के समीप अनियंत्रित मैजिक पलटने हुई। वाहन पलटने से उसमें सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गये। जिसमें से दो यात्री पार्वती निवासी पिपराबारी कैम्पियरगंज व जयप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी बनकटी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को सीएचसी कैम्पियरगंज भेज दिया गया। लोगों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे।