फुटबाल मैच में एक दूसरे को टक्कर देते गौतम स्पोटर्स और यूपी पुलिस टीम के खिलाड़ी
गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज कॉलेज के मैदान पर चल रही जिला फुटबॉल लीग में बुधवार को टाउन क्लब बांसगांव, गौतम स्पोर्टिंग और एनईआर मुख्यालय की टीम ने अपने-अपने मैच जीते। पहला मैच टाउन क्लब बांसगांव और सद्भावना क्लब के बीच हुआ। इसमें 16वें मिनट में बांसगांव के फकरुद्दीन ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। सद्भावना की टीम ने काफी प्रयास किया लेकिन बराबरी का गोल नहीं कर सकीं। दूसरा मैच गौतम स्पोर्टिंग और उत्तर प्रदेश पुलिस गोरखपुर जोन के बीच खेला गया। इसमें गौतम की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। मैच के 13वें मिनट में पुलिस की ओर से अमित ने गोल किया, लेकिन यह बढ़त अधिक देर तक नहीं रही।
गौतम की ओर से 19वें मिनट में राजा तथा 21वें मिनट में विनोद ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। यही अंत तक रहा। तीसरा मैच एनईआर मुख्यालय व धरम स्पोर्टिंग के बीच खेला गया। इस मैच में पूर्वोत्तर रेलवे ने 4-0 से जीत दर्ज की। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ में रेलवे की ओर से बुद्धिराम ने दो, मुरमू व विक्की बराल ने एक-एक गोल कर अपनी टीम को एकतरफा जीत दिला दी।