बस्ती। समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने कहा कि जितने भी लोगों ने पूर्व में शादी अनुदान योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, उन सभी को बंद हो चुकी इस योजना का लाभ मिलेगा। इससे जिले के दो सौ से अधिक आवेदक लाभान्वित होंगे। नगर पालिका परिषद के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बस्ती आए कैबिनेट मंत्री ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि अब शादी अनुदान योजना के स्थान पर सरकार ने सामूहिक शादी योजना को शुरू की है। इसके तहत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार दिया जा रहा है। इस योजना में बस्ती को एक करोड़ 66 लाख की धनराशि उपलब्धि करा दी गई है। इसके लिए बस्ती को 475 विवाह कराने का लक्ष्य दिया गया है। प्रदेश सरकार सरकार समाजवादी पेंशन योजना का विकल्प तलाश कर रही है। हालांकि नवीन योजना का क्या प्रारूप होगा, इस बारे में वे कुछ भी कहने से बचते रहे।