गोरखपुर यूनिवर्सिटी में जल्द ही 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराएगा। गैर सरकारी संगठन के प्रस्ताव को यूनिवर्सिटी की कार्यपरिषद ने मंजूरी दे दी है। झंडा यूनिवर्सिटी गेट के सामने यूजीसी भवन के समक्ष लगाया जाएगा। यूनिवर्सिटी प्रशासन तिरंगे के लिए जेसीआई संस्था को 20 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा स्थान मुहैया कराएगा। संस्था अपने खर्च पर राष्ट्रीय ध्वज को स्थापित कराएगा।
सोमवार को कुलपति प्रो. वीके सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्य परिषद की बैठक में फैसले पर सहमति बनी। वहीं कार्यपरिषद ने अवर अभियंता सिविल के खाली चल रहे पद पर रिटायर्ड इंजीनियर अनिरुद्ध सिंह की नियुक्ति को भी अपनी मंजूरी दी। वे मानदेय पर विश्वविद्यालय को अपनी सेवाएं देंगे। इसके अतिरिक्त शारीरिक शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजवीर सिंह की प्रथम चरण से द्वितीय चरण में प्रोन्नति के लिए 15 नवंबर को हुई स्क्रीनिंग की संस्तुति को भी अपनी मंजूरी दे दी।